6 साल की बच्ची से रेप के आरोपी के पैर में पुलिस ने मारी गोली
आरोपी ने पुलिस से पिस्टल छीनकर कस्टडी से भागने का किया प्रयास, पुलिस पर की फायरिंग
नोएडा। नोएडा पुलिस ने कस्टडी से भाग रहे आरोपी को गोली मारी। आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पर बच्ची के साथ रेप करने का आरोप है। पुलिस ने सलारपुर से गिरफ्तार किया था। एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि आरोपी सौरभ गुप्ता निवासी सलारपुर को घटना के बाद गिरफ्तार किया गया। उसे मेडिकल परीक्षण के बाद जिला अस्पताल सेक्टर-30 से घटनास्थल ग्राम सलारपुर में घटना से संबंधित कपड़ा बरामद करने के लिए ले जाया गया। वहां से कपड़ा बरामद कर लौटते समय सेक्टर-42 के पास अचानक गाड़ी में हवा निकलने की आवाज आई। जिस पर पुलिस पार्टी द्वारा नीचे उतर कर गाड़ी को चेक किया गया।
मौका पाकर सौरभ गाड़ी से उतरा और उसने उप निरीक्षक अजीत सिंह की पिस्टल छीन ली। यहीं नहीं उस पिस्टल से सौरभ ने पुलिस पार्टी पर फायर किया। जिसके बाद उसे सरेंडर करने के लिए कई बार कहा गया। लेकिन वो नहीं माना। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। गोली आरोपी के पैर में लगी। उससे पिस्टल छीनी गई और गिरफ्तार किया गया। आरोपी को घायल अवस्था में इलाज के लिए जिला अस्पताल में ले जाया गया है।