चंडीगढ़ -कट्टरपंथी अमृतपाल के खिलाफ पंजाब पुलिस का एक्शन जारी है। प्रदेशभर में पुलिस का पहरा है। कई जिलों में धारा-144 लागू है। मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवा ठप है। मगर अमृतपाल का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। इस बीच पंजाब पुलिस ने प्रेसवार्ता कर कुछ अहम जानकारी दी है। पंजाब पुलिस के आईजी सुखचैन सिंह गिल ने सोमवार को बताया कि अमृतपाल सिंह के खिलाफ कार्रवाई में अब तक 114 लोगों को पकड़ा जा चुका है। इनमें चार लोगों को असम के डिब्रूगढ़ जेल भेजा गया है। वहीं अमृतपाल के चाचा को डिब्रूगढ़ ले जाया जा रहा है। डिब्रूगढ़ भेजे गए सभी लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में शांति का माहौल है। स्थिति भी स्थिर है। कानून-व्यवस्था की कोई चुनौती नहीं है। 'वारिस पंजाब दे' के कुछ तत्वों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। इनके खिलाफ छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। वारिस पंजाब दे का प्रमुख अमृतपाल सिंह अभी भी फरार है। पुलिस उसे पकड़ने की हर संभव प्रयास कर रही है। कई तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। पंजाब पुलिस साफ कह रही है कि गिरफ्तारी अभी बाकी है और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।