एनएच-91 पर डंपर में ट्रैक्टर ट्रॉली ने मारी टक्कर:एक की मौत
एक घायल, क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाया गया
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा देखने को मिला। जहां हाईवे पर खराब खड़े हुए डंपर में पीछे से ईटों से भरे हुए ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। उसके बाद एक ट्रक भी पीछा से उसमें टकरा गया। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।दादरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-91 पर कोट गांव के पास सुबह करीब 4.20 बजे एक ट्रैक्टर ट्रॉली, खराब खड़े हुए डंपर में सिकंदराबाद से दादरी की ओर जाते हुए पीछे से टकरा गया। इसके बाद एक ट्रक भी आया और वह भी पीछे से उस डंपर में टकरा गया। ट्रैक्टर पर सवार दो व्यक्ति दरोग सिंह (35) अहमदगढ बुलंदशहर व ओम प्रकाश (60) अहमदगढ बुलंदशहर इस हादसे में गम्भीर रूप घायल हो गए। जिन्हें तत्काल दादरी पुलिस द्वारा अस्पताल भिजवाया गया।अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा ओम प्रकाश को मृत घोषित कर दिया गया। घायल दरोग को परिजन हायर सेंटर ले गए है। दरोग की हालत भी काफी नाजुक बताई जा रही है। जैसे ही हाईवे पर सड़क हादसे की पुलिस को सूचना मिली तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसा होने के बाद हाईवे पर सुबह के समय जाम लग गया। जिसके बाद क्रेन की मदद से सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुए वाहनों को हाईवे से हटा दिया गया। यातायात सुचारू कर दिया गया। इसके बाद हादसे का शिकार हुए लोगों के परिजन को सूचित किया गया।पुलिस ने मृतक का पंचायतनामा भर उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।