ब्रम्हचारी कुटी में दुग्धधारा से हुआ शिव का अभिषेक
नोएडा : सावन के चौथे सोमवार को सेक्टर 82 स्थित तपोभूमि ब्रम्हचारी कुटी में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। कुटी परिसर में स्थित शिव मंदिर में पंडित मंगल पांडे शास्त्री एवं पंडित सुमित शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिव जी का रुद्राभिषेक कराया। सुख शांति, समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ण करने के लिए भगवान शिव का दुग्ध धारा से रुद्राभिषेक कराया गया। इससे पहले भगवान शिव एवं परिवार का विधिवत पूजन कराया गया। रुद्राभिषेक के बाद आरती की गई और प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर में शिव अर्चना और जल चढ़ाने के लिए दिनभर भक्त आते रहे।
इस अवसर पर राघवेंद्र दुबे ने बताया कि आज का रुद्राभिषेक अनंत गुना फलदाई है क्योंकि त्रयोदशी भी है। शिव परम् कल्याणकारी हैं। सावन माह में भगवान शिव की आराधना दुख, दरिद्रता एवं पापों का नाश करने वाली है वहीं धन, धान्य, सुख एवं मोक्ष को प्रदान करने वाली है। भगवान भोलेनाथ की आराधना जो भी भक्त सच्चे मन से करता है उस पर शिव शीघ्र प्रसन्न हो जाते हैं।
इस अवसर पर कुटी व्यवस्थापक विकास भारती जी, पंडित अभिषेक तिवारी शास्त्री,पंडित उपेंद्र शास्त्री, अशोक कुमार, अशोक गुप्ता, कैलाश गिरी सहित तमाम भक्त मौजूद रहे।