ब्रम्हचारी कुटी में श्रावण मास के सोमवार एवं नागपंचमी पर पार्थिव शिव लिंग का हुआ रुद्राभिषेक
नोएडा। सेक्टर 82 स्थित प्राचीन तपोभूमि ब्रम्हचारी कुटी में महंत ओम भारती जी महाराज के सानिध्य में श्रावण मास के सोमवार एवं नागपंचमी के शुभ अवसर पर असंख्यात्मक पार्थिव शिव लिंग की स्थापना कर उनका पूजन और अभिषेक किया गया। पंडित सुमित शास्त्री द्वारा मिट्टी से शिव लिंग की स्थापना की गई इसके बाद असंख्य रुद्र स्थापित कर उनका भव्य श्रंगार किया। दूध, दही, शर्करा, घृत, मधु से स्नान के उपरांत मंत्रोच्चार के बीच दुग्धधारा से विद्वान ब्राह्मणों द्वारा पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक कराया गया। इस दौरान सभी भक्तजन ॐ नमः शिवाय का जाप करते रहे। अभिषेक के बाद आरती हुई और प्रसाद वितरित किया गया। तदोपरांत पार्थिव शिवलिंग को विसर्जित कर दिया गया। राघवेन्द्र दुबे ने बताया कि श्रावण मास के सोमवार एवं नागपंचमी पर पार्थिव शिव लिंग पूजन एवं अभिषेक का विशेष महत्व है। पार्थिव शिवलिंग पूजन से संकट, असाध्य रोग एवं शत्रु का नाश होता है वहीं भोलेनाथ की कृपा से धन धान्य, सौभाग्य, समृद्धि एवं दीर्घायु प्राप्त होती है। सभी के कल्याण हेतु यह पार्थिव शिव लिंग का अभिषेक किया गया। भगवान भोलेनाथ सब पर अपनी कृपा बनाए रखें। इस अवसर पर पंडित सुमित तिवारी, विकास भारती जी,पंडित अखिल पाण्डेय , पंडित अभिषेक तिवारी, पंडित उपेंद्र तिवारी, पंडित दिवाकर पाण्डेय, शिववृत तिवारी, अमितेश सिंह , मंगू त्यागी सहित तमाम भक्तजन मौजूद रहे।