महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर वृद्धों व बच्चों की समस्या
- स्टाफ की कमी पर व्यवस्था पर जताई चिंता
- केंद्र में साफ-सफाई बनाए रखने के दिए निर्देश
बागेश्वर,( गोविन्द मेहता, ब्यूरो,)
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा ने राजकीय वृद्ध एवं अशक्त आवास गृह व राजकीय बालिका आश्रम पद्धति विद्यालय का औंचक निरीक्षण किया।वहां पहुंचकर वहां की व्यस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वहां आवासीय परिसर में रह कर पढ़ाई कर रहे बच्चों व निशक्त वृद्धजनों की समस्याएं सुनी। वहां मौजूद बच्चों व वृद्धों का हालचाल जाना,वृद्धाश्रम के कमरे, किचन व शौचालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टाफ की भारी कमी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विभागीय उच्चाधिकारियों से बात कर जल्द समस्या का समाधान करने की बात कही।महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने सबसे पहले राजकीय बालिका आश्रम पद्धति विद्यालय में पढ़ रहे 19 बच्चों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एक-एक बच्चे से बात की। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनी। वहीं स्कूल टीचर और अभिवावक की तरह बच्चों के बीच बैठकर उन्होंने उनसे सामान्य ज्ञान सहित विषयों के सवाल भी पूछे। इसके बाद उन्होंने बच्चों के आवास, शौचालय, किचन का निरीक्षण किया। जहां उन्हें थोड़ी सफाई व्यवस्था कम नजर आई, उन्होंने वहां मौजूद स्टाफ को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कहा कि बच्चे गंदगी में जल्द संक्रमित हो जाते हैं। इस दौरान बच्चों नेउनके आने पर स्वागत गीत भी गाया।आयोग उपाध्यक्ष ने स्टाफ की जानकारी जुटाई। जिस पर उन्हें केंद्र में स्टाफ की भारी कमी मिली। जिस पर उन्होंने कहा कि बच्चों और वृद्धों को देखते हुए पर्याप्त स्टाफ होना चाहिए। इतने कम कर्मचारियों में व्यवस्था कैसी हो सकती है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसके समाधान केलिए विभागीय उच्चाधिकारियों से पत्राचार कर वार्ता की जाएगी। वहीं उन्होंने मौजूद अधीक्षक को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की लापरवाही ना बरती जाए। उन्होंने वृद्धजनों से मिलकर उनके बारे में जाना। किसी प्रकार की कमी होने पर उन्हें जानकारी दें, तांकि उचित समय पर समस्या का समाधान हो सके।उन्होंने अधीक्षक को वृद्धआश्रम में वृद्धजनों और असहाय लोगों के लिए सभी व्यवस्थाए बनाने के निर्देश दिए।साथ ही उन्हें फल भी वितरित किए। इस अवसर पर तहसीलदार दीपिका आर्या, अधीक्षक हेम तिवारी, रेनू नगरकोटी आदि मौजूद थे।